बिटकॉइन घोटाले पर भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता जनता को जवाब दें : भाजपा
OM Darpan
Nov 22, 2024 07:08 am
256 views
22 Nov 2024
[smartslider3 slider=6]
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बिटकॉइन घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। श्रीवास्तव ने मांग की है कि भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस नेताओं को इस घोटाले में अपनी भूमिका को लेकर जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस गौरव मेहता पर छत्तीसगढ़ में कार्रवाई हुई है, उसके भूपेश बघेल से संबंध होने की भी जांच होनी चाहिए।
संजय श्रीवास्तव ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस ब्रीफ के दौरान कहा कि कांग्रेस में लंबे समय तक महत्वपूर्ण पदों पर रही एक नेत्री ने भी बिटकॉइन मामले में गौरव मेहता के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल से संबंधों पर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की बातचीत वाला एक ऑडियो टेप भी सामने आया है। इसमें नाना पटोले की संलिप्तता की बात कही जा रही है, जबकि अपराध छत्तीसगढ़ में हुआ है। इस संबंध में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसमें भूपेश बघेल की भी भूमिका है?
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तहत आर्थिक मामलों के तार अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े रहे हैं, और बिटकॉइन घोटाले का खुलासा इसे और गंभीर बनाता है। कांग्रेस को, विशेष रूप से भूपेश बघेल को, इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भूपेश बघेल की सरकार पर लगातार अन्य चुनावी राज्यों में कांग्रेस को भ्रष्टाचार के पैसे से फंडिंग करने का आरोप लगता रहा है।
संजय श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के कई कांग्रेस नेता व अधिकारी, जो आर्थिक अपराधों में लिप्त रहे हैं, अब जेल में हैं या बेल पर हैं। इसमें मुख्यमंत्री सचिवालय की पूर्व उपसचिव सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा, समीर विश्नोई, और एजाज ढेबर शामिल हैं। उन्होंने यह दावा किया कि कांग्रेस के सभी भ्रष्टाचार मामलों में भूपेश बघेल का नाम जुड़ा पाया गया है।
प्रेस ब्रीफ में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अनुराग अग्रवाल, और प्रदेश प्रवक्ता उमेश घोरमोड़े व अमरजीत छाबड़ा भी उपस्थित रहे।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन