महतारी वंदन योजना: 67 लाख महिलाओं के खाते में 632 करोड़ ट्रांसफर, दुर्ग को 218 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
OM Darpan
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 632.40 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। दुर्ग जिले में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से यह राशि सीधे माताओं-बहनों के खातों में भेजी। इसके साथ ही 1 मार्च 2024 से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक दी गई कुल सहायता राशि 20,708 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। योजना के तहत दुर्ग जिले की 3.89 लाख पात्र महिलाओं को भी 37.19 करोड़ रुपये का सीधा लाभ मिला है।
सशक्त महिला से बनता है सशक्त परिवार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनका आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारीशक्ति को विकास की धुरी बनाया गया है। जब परिवार की महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है, तो उसका सीधा सकारात्मक असर पूरे परिवार के स्वास्थ्य और बच्चों की शिक्षा पर पड़ता है। प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की यह राशि महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा रही है।
दुर्ग जिले को 218.48 करोड़ की नई सौगात
महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ ही मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के समग्र विकास के लिए 218.48 करोड़ रुपये के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 1.22 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड हुए आईटीआई दुर्ग का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा सड़क, सिंचाई, शिक्षा, चिकित्सा और बिजली से जुड़े 217.25 करोड़ रुपये के 23 महत्वपूर्ण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
कनेक्टिविटी और युवाओं के भविष्य में निवेश
आवागमन को सुगम बनाने लोक निर्माण विभाग के तहत कई सड़कों की आधारशिला रखी गई। इनमें पुलगांव से अंजोरा-रसमड़ा मार्ग को चार लेन बनाने (30.20 करोड़), कुम्हारी-अहिवारा-पथरिया मार्ग का चौड़ीकरण (24.06 करोड़) और भिलाई-सिरसा मार्ग का मजबूतीकरण (15.03 करोड़) प्रमुख है। युवाओं के कौशल विकास के लिए पॉलिटेक्निक दुर्ग में अधोसंरचना विकास (8.86 करोड़) और ग्रामीण क्षेत्र में लाइवलीहुड कॉलेज भवन (4.11 करोड़) का निर्माण होगा।
चिकित्सा, सिंचाई व बिजली सुविधाओं का होगा विस्तार
जिले में जल प्रबंधन और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सुरपा व्यपवर्तन, मोहंदी, कपसदा, नंदौरी, तिरगा और गनियारी जलाशयों के जीर्णोद्धार व नहर लाइनिंग के कार्यों की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही दुर्ग नगर निगम के तालाबों में निस्तारी जल भरने कोटनी माइनर चैनल (4.93 करोड़) का निर्माण होगा। चिकित्सा शिक्षा के तहत 16.16 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास और 11.96 करोड़ से जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा, पाटन क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 25.83 करोड़ की लागत से जामगांव (आर) में 132/33 केवी उपकेंद्र और 14 करोड़ की लागत से ट्रांसमिशन लाइन के कार्यों की भी आधारशिला रखी गई।
जरूरी खबरें
विज्ञापन