पहाड़ी कोरवा बसाहटों तक पहुंच रहीं सात मोबाइल मेडिकल यूनिट
OM Darpan
जांच, उपचार और दवाइयों की सुविधा; जरूरतमंद मरीजों के रेफरल का भी समन्वय
सरगुजा। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पहाड़ी कोरवा परिवारों को अब प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम हो रही है। पीएम जनमन कार्यक्रम के तहत संचालित सात मोबाइल मेडिकल यूनिट अलग-अलग बसाहटों में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगा रही हैं, जहां चिकित्सीय जांच के साथ लैब जांच, उपचार और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मोबाइल मेडिकल यूनिट निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों की जांच कर रही हैं। शिविर में आने वाले मरीजों को जरूरत के अनुसार उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जा रहा है। जांच के आधार पर आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया जाता है।
प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट के दल में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन और ड्राइवर शामिल हैं। टीम शिविर में प्राथमिक जांच के साथ जरूरी लैब जांच भी करती है। मरीजों की काउंसलिंग भी की जा रही है।
जरूरत पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान के लिए रेफरल
जिन मरीजों को आगे की जांच या उच्च स्वास्थ्य संस्था में उपचार की जरूरत होती है, उनके रेफरल के लिए स्वास्थ्य टीम समन्वय करती है। इस व्यवस्था के जरिए दूरस्थ बसाहटों के मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे की स्वास्थ्य सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीमें स्वास्थ्य शिविरों के साथ विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी सहयोग कर रही हैं। दूरस्थ बसाहटों में नियमित रूप से जांच, उपचार, दवा वितरण, काउंसलिंग और रेफरल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन