जशपुर गरबा महोत्सव के आठवें दिन उमड़ा जनसैलाब स्वच्छता के संदेश पर झूमे प्रतिभागी
OM Darpan


श्री नारायण जनकल्याण समिति के आयोजन में राजपरिवार ने की शिरकत, 22 वर्षों से जुड़ी महिलाओं का हुआ सम्मान
जशपुरनगर। श्री नारायण जनकल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित जशपुर गरबा महोत्सव 2026 के आठवें दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात तक चले इस आयोजन में गरबा पंडाल में प्रतिभागियों का उत्साह चरम पर रहा। इस दौरान समिति ने आयोजन के जरिए स्वच्छता अभियान का विशेष संदेश दिया। स्थानीय कलाकार कमलेश्वर सारथी द्वारा गाए गए 'स्वच्छ जशपुर' गीत पर प्रतिभागियों ने जमकर गरबा किया, जिसे दर्शकों की खूब तालियां मिलीं।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। माता रानी की आरती के पश्चात गरबा नृत्य का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर रात तक जारी रहा। आयोजन में जशपुर राजपरिवार के राजा रणविजय सिंह जूदेव, रानी साहिबा, युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप सिंह जूदेव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कल्याण आश्रम के महामंत्री योगेश बापट, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत और अभय कंस्ट्रक्शन के अभय सोनी मौजूद रहे। इसके अलावा आयोजन में प्रायोजक रामनिवास अग्रवाल, विकास गुप्ता, मनोज गुप्ता, मुकेश सोनी, गोपाल यादव, अमित सोनी, जिमी सोनी, ऋषभ गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल व महेंद्र कुमार अग्रवाल ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
बाहरी व स्थानीय कलाकारों ने बांधा समां
महोत्सव में रायपुर के अमन अग्रवाल, बिलासपुर की नेहा पांडेय और रांची के अभिषेक उन्नी के साथ जशपुर के स्थानीय सितारे कमलेश्वर सारथी, रेणुका निराला व आकांक्षा गुप्ता ने शानदार गरबा और भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि समिति बीते 22 वर्षों से भक्ति का जो संदेश दे रही है, उसमें उनका पूरा आशीर्वाद व सहयोग हमेशा बना रहेगा। योगेश बापट ने सनातनी परंपरा को आगे बढ़ाने में समिति की भूमिका को अहम बताया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा कि समिति धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के साथ ही नगर विकास और स्वच्छता के लिए भी सकारात्मक सोच के साथ काम कर रही है।
प्रतिभागियों को बंटे पुरस्कार, मिला कंप्यूटर सेट
उत्कृष्ट वेशभूषा और शानदार नृत्य करने वाले प्रतिभागियों पर बंपर पुरस्कारों की बौछार हुई। इसमें मुख्य पुरस्कार के तौर पर आशीष सतपथी (सतपथी इंफोटेक) की ओर से एक कंप्यूटर सेट प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति की महिला सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया। आयोजकों ने बताया कि विगत 22 सालों से महिलाओं के सक्रिय सहयोग के बिना इस महोत्सव की सफलता संभव नहीं थी। अंत में समिति के अध्यक्ष मनोज रमाकांत मिश्रा और गरबा समिति अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सभी नगरवासियों से जशपुर के विकास व प्रगति में एकजुट होकर आगे आने की अपील की।
जरूरी खबरें
विज्ञापन