तनाव और अवसाद से मुक्ति का मिलेगा मार्ग! प्रगतिशील यादव महासंघ की सराहनीय पहल, बैरन बाजार में लगेगा निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य जांच शिविर
OM Darpan
Jul 23, 2025 09:11 pm
430 views
23 Jul 2025
रायपुर।
सामाजिक सरोकार के कार्यों में पिछले 23 वर्षों से निरंतर समर्पित प्रगतिशील यादव महासंघ अब मानसिक स्वास्थ्य के मोर्चे पर एक बड़ी लड़ाई लड़ने जा रहा है। महासंघ ने समाज में बढ़ते तनाव, अवसाद, अतिक्रोध, चिड़चिड़ापन और नशे की लत जैसी गंभीर समस्याओं से पीड़ित लोगों को राहत देने का बीड़ा उठाया है।
इसी कड़ी में, संगठन द्वारा रविवार, दिनांक 27 जुलाई 2025 को एक दिवसीय मेंटल हेल्थ चेकअप सह अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर राजधानी के बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जहां कोई भी व्यक्ति आकर इसका निःशुल्क लाभ उठा सकता है।
विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच और देंगे परामर्श
महासंघ के महासचिव निरंजन सिंह यादव ने इस मानवीय पहल की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में, प्रसिद्ध डॉ. गीतेश अमरोहित (एम.पी.टी) मानसिक बीमारियों की जड़ यानी उनके मूल कारणों पर प्रकाश डालेंगे, ताकि लोग इन समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकें। इसके बाद दूसरे चरण में, डॉ. अभिषेक गुप्ता (एम.डी.) शिविर में पंजीकृत मरीजों का व्यक्तिगत रूप से परीक्षण करेंगे और उनकी समस्या के अनुसार उचित निदान व सलाह देंगे।ये संस्थाएं भी देंगी अपनी सेवाएं
इस नेक कार्य में अन्य संस्थाएं भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी। पेंड्रा गौरेला के चेरी मेडिकल शॉप का एक विशेष काउंटर भी शिविर में उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही, प्रतिभा नर्सिंग कॉलेज, नया रायपुर के छात्र-छात्राएं भी अपनी सेवाओं से शिविर को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। यह आयोजन उन सभी लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं लेकिन सही मार्गदर्शन के अभाव में इलाज नहीं करा पाते।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन