22 अक्टूबर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

जोधपुर के आसमान में ‘सूर्य किरण' और ‘सारंग' का रोमांच, सुखोई-तेजस ने दिखाई ताकत

शेयर करें

OM Darpan

Oct 08, 2026 11:59 pm 1,257 views
जोधपुर के आसमान में ‘सूर्य किरण' और ‘सारंग' का रोमांच, सुखोई-तेजस ने दिखाई ताकत

जोधपुर। भारतीय वायुसेना के 94वें वायुसेना दिवस के अवसर पर गुरुवार को जोधपुर वायुसेना स्टेशन का आसमान रोमांचक हवाई करतबों का गवाह बना। यहां चल रहे हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के दौरान सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और हेलीकॉप्टर एरोबैटिक टीम ‘सारंग’ ने अचूक सटीकता के साथ अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर सेना व प्रशासन के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और गणमान्य नागरिकों ने इस प्रदर्शन का आनंद लिया।

स्वदेशी विमानों ने दिखाया दम

हवाई प्रदर्शन में सूर्य किरण के अलावा सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी लड़ाकू हेलीकॉप्टर 'प्रचंड' ने भी अपनी असीम क्षमताओं का परिचय दिया। सुखोई और तेजस की कम ऊंचाई वाली उड़ान ने दर्शकों में भारी रोमांच पैदा किया। वायुसेना स्टेशन में प्रवेश सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में शहरवासियों ने अपने घरों की छतों से आसमान में चल रहे इस शानदार प्रदर्शन को देखा। वहीं, एनसीसी कैडेटों और विद्यार्थियों को तेजस, सुखोई और राफेल सहित कई विदेशी लड़ाकू विमानों को बेहद करीब से देखने का सुनहरा अवसर मिला।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

दो चरणों में सूर्य किरण का शानदार प्रदर्शन

प्रसिद्ध सूर्य किरण टीम ने करीब 25 मिनट तक अपने हवाई करतब दिखाए। यह कार्यक्रम दो चरणों में हुआ। पहले चरण में नौ लड़ाकू विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर तिरंगा, डायमंड, मेजर, तेजस और वाई जैसी आकर्षक आकृतियां बनाईं। दूसरे चरण में विमानों ने छोटे दलों में बंटकर जमीन के बेहद करीब से साहसिक उड़ान भरी और आधुनिक लड़ाकू विमानों की क्षमता को दर्शाया। ज्ञात हो कि वर्ष 1996 में गठित सूर्य किरण दुनिया की उन चुनिंदा टीमों में से एक है, जो नौ विमानों के साथ एक साथ हवाई प्रदर्शन करती है।

युवाओं को प्रेरित करती है ‘सारंग’ टीम

सारंग प्रदर्शन टीम के कमान अधिकारी और टीम लीडर अभिजीत ने बताया कि यह टीम खुद को भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधि यानी ब्रांड एंबेसडर मानती है। देश-दुनिया में प्रदर्शन कर यह टीम भारत की विमानन प्रगति और व्यावसायिकता को दर्शाती है। वर्ष 2003 में स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों को वायुसेना में शामिल करते समय इनकी क्षमता दुनिया को दिखाने के लिए ही इस विशेष इकाई का गठन किया गया था। अपने रोमांचक प्रदर्शन से सारंग टीम युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने और राष्ट्रसेवा के लिए भी प्रेरित करती है।

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
261022222626616

विज्ञापन

Advertisement