तनिशा मुखर्जी की बड़े पर्दे पर वापसी, ‘ज़िंदगी फिर भी खूबसूरत है’ में निभाएंगी खास किरदार
OM Darpan
मुंबई
अभिनेत्री तनिशा मुखर्जी करीब पांच साल के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। वह फिल्ममेकर कपिल कौस्तुभ शर्मा की नई फिल्म ‘ज़िंदगी फिर भी खूबसूरत है’ में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
यह फिल्म मुंबई की पारसी कम्युनिटी की पृष्ठभूमि पर बनी है, जो 1990 के दशक से लेकर 2025 तक के कई दशकों लंबे सफर को पर्दे पर उतारेगी। फिल्म में रोमांस, हास्य और भावनाओं के ताने-बाने के साथ बदलते रिश्तों और जिंदगी के अलग-अलग पड़ावों को पिरोया गया है।
फिल्म के निर्देशक कपिल कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि किरदार के लिए जरूरी भावनात्मक गहराई तनिशा के अभिनय में पूरी तरह झलकती है और उन्होंने कहानी में एक खास संवेदनशीलता जोड़ी है।
असली पारसी कॉलोनियों में हुई शूटिंग
फिल्म में असलियत का रंग भरने के लिए दक्षिण मुंबई और दादर पारसी कॉलोनी के वास्तविक घरों में शूटिंग की गई है। कपिल ने पारसी समुदाय की संस्कृति, बोलचाल और जीवनशैली को करीब से समझकर इस कहानी को तैयार किया है। खास बात यह है कि कपिल खुद इस फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता होने के साथ-साथ इसमें अभिनय भी कर रहे हैं।
दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा
फिल्म की स्टारकास्ट में तनिशा के साथ सुष्मिता मुखर्जी, कितू गिडवानी, डेलनाज़ ईरानी और तनाज़ ईरानी जैसे जाने-माने चेहरे शामिल हैं।
बता दें कि फिल्म का शीर्षक 1978 की मशहूर फिल्म ‘खट्टा मीठा’ के एक लोकप्रिय गीत से प्रेरित है। सिनेमाघरों में रिलीज से पहले इस फिल्म को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित करने की तैयारी चल रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन