सेवा संकल्प अभियान से बदली रसोई की सूरत, महिलाओं को धुएं से मिली राहत
OM Darpan

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शिविरों और ग्राम भ्रमण के जरिए पात्र हितग्राहियों को मिल रहा योजनाओं का सीधा लाभ
✍️ ब्यूरो रिपोर्ट
बलरामपुर। बलरामपुर जिले में ‘सेवा-मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत संचालित सेवा संकल्प अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने जिले की अनेक महिलाओं की रसोई को धुएं से राहत दिलाने के साथ उनके दैनिक जीवन में सुविधा और सहजता का नया संचार किया है।
बलरामपुर की निवासी कांता सिंह और संगीता एक्का इस सकारात्मक बदलाव की तस्वीर पेश करती हैं। गैस कनेक्शन मिलने से पहले ये दोनों महिलाएं खाना पकाने के लिए लकड़ी और पारंपरिक ईंधन पर निर्भर थीं। चूल्हे के धुएं और ईंधन जुटाने की मशक्कत के कारण रसोई का काम काफी कठिन और समय लेने वाला होता था। उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन मिलने के बाद अब उनके लिए खाना बनाना न केवल आसान हुआ है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी सुरक्षित हुआ है।
कांता सिंह के अनुसार गैस कनेक्शन मिलने से रसोई के काम में काफी सहजता आई है और अब भोजन कम समय में तैयार हो जाता है। वहीं संगीता एक्का ने बताया कि पहले चूल्हे के धुएं के बीच खाना बनाने में उनका काफी समय बीत जाता था, लेकिन अब रसोई का काम जल्दी पूरा हो जाता है। इस बचे हुए समय का उपयोग वे घर के अन्य कार्यों और बच्चों की पढ़ाई पर कर पा रही हैं। स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता से उनके पूरे परिवार के लिए सुविधाएं बढ़ी हैं।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में गांवों तक पहुंच रहा अमला
सेवा संकल्प अभियान की विशेषता यह है कि सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय अमला खुद गांव-गांव पहुंच रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित शिविरों और ग्राम स्तरीय भ्रमण के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की पहचान की जा रही है। उन्हें आवश्यक प्रक्रियाओं से जोड़कर योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाया जा रहा है।
कांता सिंह और संगीता एक्का को भी प्रशासन के इसी सक्रिय प्रयास के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। इन महिलाओं के अनुभव दर्शाते हैं कि जब सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर पात्र परिवारों तक पहुंचता है, तो उसका असर केवल एक सुविधा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह पूरे परिवार के जीवन स्तर में सुधार लाता है। सेवा संकल्प अभियान जिले में शासन की योजनाओं को जमीन पर साकार करने का संकल्प पूरा कर रहा है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन